Posted on 24 June 2010 by admin
गंगा दशहरा पर्व पर पं. विश्वनाथ शर्मा हिन्दू धर्मार्थ न्यास ने जिले के गुमनावारा, बिजौली, हंसारी, सिमरधा, दातारनगर, परवई, सारमऊ, अबाबाय, बूढ़ा, भोजला, मथनपुरा, केशवपुर बेहटा, कोट, रमपुरा, नयागांव, भगवन्तपुरा, बबीना, रक्सा, बरुआसागर, मोंठ, समथर, टहरौली, उल्दन, सकरार, ललितपुर जिले के सभी स्थानों पर मन्दिरों में हरिद्वार से मंगाए गए शुद्ध गंगाजल को बुन्देलखण्ड एकीककरण समिति के कार्यकर्ताओं ने जलाभिषेक हेतु वितरित किया। गौरतलब है कि ज्येष्ठ शुक्ल की दशमी को हिन्दू मान्यता के अनुसार पुण्यतिथि के रुप में मनाया गया जाता है। इस मौके पर न्यास के संस्थापक डा. पं. विश्वनाथ शर्मा ने श्रद्धालुओं के साथ मन्दिरों पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
Vikas Sharma
bundelkhandlive.com
E-mail :editor@bundelkhandlive.com
Ph-09415060119
Posted on 20 May 2010 by admin
पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की अस्थियां बुधवार को हरकी कोड़ी में मंत्रोच्चार के साथ प्रवाहित किया गया। इससे पहले सर्किट हाउस में उत्तराखण्ड के नगरीय विकास और पर्यटन मंत्री मदन कौशिक ने सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों के साथ शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। सर्किट हाउस में उत्तराखण्ड सरकार की ओर से शेखावत की अस्थियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
शेखावत की अस्थियां उनके दोहिते अभिमन्यु सिंह व उनके परिवार के सभी सदस्य लेकर पहुंचे थे। राजपूत सभा भवन कनखल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड राज्य के राजपूत संगठनो ने शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। कच्छावा वंश के राजगुरू पं. श्याम सुन्दर शर्मा ने अस्थियों का विसर्जन कराया।
Posted on 14 May 2010 by admin
हरिद्वार - आतंकवादी संगठन हरकत उल अंसार के संदिग्ध आतंकवादी को कल शाम यहाँ उत्तराखंड और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर हरिद्वार में गिरफ्तार कर लिया। इस आतंकवादी अहद लोन को अब हरिद्वार पुलिस रिमांड पर लेगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हरिद्वार पुलिस ने इस दिशा में अपनी कोशिशें शुरू कर दी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आतंकी अहद लोन की पंजाब पुलिस हत्या के एक मामले में तलाश कर रही थी। हरिद्वार में आतंकी अहद लोन के मौजूद होने के बारे में जानकारी मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने बुधवार को देर शाम हरिद्वार एटीएस इंचार्ज आर बी चमोला की सहायता से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब पुलिस देर शाम अहद लोन को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद पंजाब ले गयी। लोन ने पुलिस को दिए बयान में हरिद्वार और देहरादून दोनों जगहों पर रहना स्वीकार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अहद लोन कश्मीर के डोडा के बनवाल का रहने वाला है और पंजाब के नवाशहर में उसपर हत्या का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने उसके पास से जम्मू-कश्मीर का एक फर्जी आई डी भी बरामद किया है। लोन आतंकवादी संगठन से काफी लंबे समय से जुड़ा रहा है जिसने उसे महाकुंभ के दौरान हरिद्वार भेजा,कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वह कुछ खास नहीं कर सका। वह वहाँ से देहरादून चला गया और वहाँ एक फैक्ट्री में काम करने लगा।
Posted on 27 April 2010 by admin
पूरे विश्व में आज तक कहीं भी कुम्भ 2010 जैसा कोई आयोजन नहीं हुआ जहां एक ही स्थान से पूरी मानवता की रक्षा, प्र—ति के संरक्षण, पर्यावरण के प्रति समझ, जैव संसाधनों के संवर्धन, साम्प्रदायिकता, लालच, अपराध और हिंसा मुक्त विश्व के निर्माण, आपसी भाईचारे और सभी की उन्नति का सन्देश दिया है। इन अनुभवों का प्रभाव संसार के प्रत्येक देश की स्थिरता, शान्ति और समृद्धि पर पड़ेगा। अविश्वास करने का कोई कारण नहीं कि आने वाले कुम्भ के कारण विश्व शान्ति बढ़ेगी। उक्त विचार उप निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) िशवप्रसाद भारती ने आज मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये।
श्री भारती ने कहा कि प्रदेश सरकारों के माध्यम से लागू की गई भारत सरकार की अति महत्वाकांक्षी महात्मा गांधी राश्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना (मनरेगा) अधिकतर लोगों की नज़र में गांवों के गरीब, बेरोजगार खेतिहर मजदूरों को केवल रोजगार देने वाली योजना ही नहीं बल्कि गांवों के समग्र विकास और देश से भुखमरी दर करने वाली महत्वपूर्ण योजना है जिसको नये सिरे से समझने की आवश्यकता है। नरेगा का विशेश अध्ययन शोध करने वाले उत्तर प्रदेश के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक िशवप्रसाद भारती ने बताया कि मनरेगा योजना को केवल मजदूरों को लाभ देने वाली योजना के रूप में प्रचारित किया है जबकि नरेगा गांव के भूमिहीन, खेतिहर मजदूरों, बेरोजगार परिवारों को उनके पारिवारिक काम के अलावा साल में 100 दिन का अतिरिक्त रोजगार देने वाली योजना तो है ही साथ ही गांव की स्थानीय आवश्यकता के अनुसार विकास योजनायें स्वयं बनाकर और स्वयं लागू करके गांवों के सर्वागींण उत्थान करके गांवों की भुखमरी समाप्त करने की योजना है।
श्री भारती के अनुसार मनरेगा योजना में ग्रामीण क्षेत्र के रोजगार के इच्छुक सभी परिवारों को उनके पारम्परिक व्यवसाय व रोजगार के अलावा 100 दिन का अतिरिक्त रोजगार देने की व्यवस्था की जाती है जिसमें न्यूनतम 100 रूपया प्रतिदिन की मजदूरी के अनुसार प्रत्येक परिवार को औसतन 10 हजार की अतिरिक्त आमदनी साल भर में होना नििश्चत है जिससे वह अपने परिवार का भरण-पौशण अवश्य कर सकेगा और परिवार के किसी सदस्य को भूखों मरने की नौबत नहीं आयेगी। चूंकि नरेगा राश्ट्रीय स्तर पर लागू रोजगार योजना है इसलिए इसका लाभ देशभर के बेरोगार परिवार उठा सकते हैं। इस प्रकार यदि राश्ट्रीय स्तर पर ईमानदारी से नरेगा लागू हो जाये तो देश से भुखमरी समाप्त करने वाली योजना भी सिद्ध हो सकती है।
श्री भारती ने इसके लिए एक पुस्तक “मजदूरों को रोजगार की गारण्टी´´ भी लिखी है और नि:शुल्क हैल्पलाईन शुरू की है जिस पर नि:शुल्क जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। इसका दूरभाश संख्या 9412523148 है। श्री भारती सन् 1998 में हरिद्वार कुम्भ मेला में मीडिया प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।
सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com
Posted on 29 March 2010 by admin
हरिद्वार - गंगा पर प्रस्तावित जल विघुत परियोजनाओं को निरस्त करने की मांग को लेकर अखाड़ा परिषद के उग्र तेवर की हवा निकल गई। इस मुद्दे पर कुंभ के बाकी बचे दो शाही स्नानों के बहिष्कार की चेतावनी का सरकार पर कोई असर नहीं हुआ। सन्तों को मनाने के लिए मुख्यमन्त्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक, तय कार्यक्रम के बावजूद नहीं पहुंचे। इस मुद्दे पर परिषद की बैठक भी नहीं हो सकी। परिषद के सन्तों में आपसी खींचतान के चलते बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
परिषद अध्यक्ष महन्त ज्ञानदास ने कहा कि दोनों शाही स्नानों में सभी अखाड़े भाग लेंगे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम को बैरागी कैम्प स्थित निर्वाणी अणी अखाड़ा में बपे सभागार में होनी थी। बैठक में सभी 13 अखाड़ों के प्रतिनिधि महन्त त्रयम्बक भारती, रामानन्द पुरी, रविन्द्र पुरी, शंकरानन्द भारती, श्रीमहन्त प्रेम गिरी, राजेन्द्र दास, दुर्गादास, मोहनदास, हरिचैतन्य पुरी, भगतराम, जगतार मुनि, धर्मदास व केशवदास आदि पहुंच गए थे, पर परिषद के महामन्त्री हरिगिरी महाराज बैठक में नहीं पहुंचे। इसी बीच, प्रदेश शासन की आ॓र से शहरी विकास व पर्यटन मन्त्री मदन कौशिक भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुख्यमन्त्री निशंक को किसी जरूरी कार्य से दिल्ली जाना पड़ा है। इसके चलते वह बैठक में नहीं आएंगे। उधर, काफी देर तक इन्तजार करने के बावजूद परिषद महामन्त्री हरि गिरी महाराज बैठक में नहीं आए। पूछने पर सिर्फ इतना बताया गया कि हरि गिरी महाराज का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया है। कुछ ही देर में एक-एक कर सभी सन्त बैठक से उठकर चले गए। परिषद अध्यक्ष महन्त ज्ञानदास महाराज ने बताया कि बैठक का एजेण्डा हरिगिरी महाराज द्वारा तैयार किया था, पर एजेण्डा पर उन्होंने ही दस्तखत नहीं किए। अखाड़ा परिषद के कुंभ शाही स्नान बहिष्कार और मेले से चले जाने की धमकी के सवाल पर उन्होंने कहा कि गंगा का मुद्दा जैसे था, वैसे ही रहेगा लेकिन बहिष्कार जैसे मामले में मेरा व्यक्तिगत फैसला नहीं हो सकता। यह फैसला परिषद की बैठक में ही होना था। उन्होंने कहा कि अब सभी सन्त दोनों शाही स्नान भी करेंगे और कोई भी सन्त मेला छोड़कर नहीं जाएगा। बैठक से बाहर आए अधिकांश सन्त भी चुपचाप चले गए।
श्रीमहन्त प्रेम गिरी, रामानन्द पुरी व रविन्द्र पुरी ने बैठक को स्थगित करने के मुद्दे पर कहा कि महामन्त्री के बीमार होने के कारण परिषद की बैठक स्थगित की गई है। बैठक में शहरी विकास मन्त्री ने कहा कि सरकार सन्तों द्वारा दिए गए नौ सूत्रीय ज्ञापन पर गम्भीर है। उन्होंने कहा कि गंगा पर प्रस्तावित परियोजनाओं पर सन्तों के मार्ग दर्शन में ही कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद की जब भी निकट भविष्य में बैठक होगी, तो सरकार की मंशा से उन्हें अवगत करा दिया जाएगा।
Posted on 28 March 2010 by admin
हरिद्वार - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह अपने मंत्रीमंडलीय सहयोगियों के साथ हरिद्वार पहुंचे। रमन सिंह के साथ विधानसभा अध्यक्ष धर्मलाल कौशिक, 12 मंत्री, 4 सांसद व 60 विधायक हरिद्वार पहुंचे। जौलीग्रांट हवाई अड्डे से छत्तीसगढ़ सरकार का काफिला सीधे शांतिकुंज पहुंचा। शांतिकुंज के मुख्य सभागार में अतिथियों का नागरिक अभिनंदन किया गया।
छत्तीसगढ़ का दल देव संस्कृति विश्वविद्यालय पहुंचा। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एसपी मिश्र ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों को विवि की शैक्षिक गतिविधियों के बारे में बताया। इसके बाद छत्तीसगढ़ के सी.एम सहित प्रतिनिधिमंडल नीलधारा स्थित छत्तीसगढ़ मंडप पहुंचा। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। यहां हंसदेवाचार्य ने गंगाजली देकर उनका स्वागत किया। शाम को हर की पैड़ी में विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री समेत पूरा दल गंगा आरती में शामिल हुआ।
पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में डा. रमन सिंह ने कहा कि महाकुंभ का विशेष महत्व है। जनता की सुख समृद्धि की कामना के लिए वह हरिद्वार आए हैं। उनके साथ आए मन्त्रियों, सांसदों, विधायकों की टीम के विषय में उन्होंने बताया कि हरिद्वार आने का निर्णय विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ही लिया गया था। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देवभूमि है। ऐसे में सभी के साथ हम लोग भी यहां आकर पुण्य प्राप्त करना चाहते हैं।
Posted on 27 March 2010 by admin
हरिद्वार - कुंभ क्षेत्र में अब खनन और क्रेशिंग पूरी तरह से वर्जित है। शुक्रवार देर शाम शासनादेश की प्रति लेकर ए.डी.एम रणबीर सिंह जिला अस्पताल में भर्ती स्वामी दयानन्द के पास पहुंचे और वहां उनको शासनादेश पढ़कर सुनाया। शासनादेश को औद्योगिक सचिव पीसी शर्मा की ओर से जारी किया था। शासनादेश के बाद लंबे समय से खनन के विरोध में चला आ रहा स्वामी दयानन्द का अनशन तुड़वा दिया गया।
नए शासनादेश में कुंभ क्षेत्र को पूरी तरह से खनन मुक्त करने के आदेश जारी कर दिए गए। साथ ही मातृ सदन की लंबे समय से चली रही मांग को भी मान लिया गया। वहीं दूसरी ओर गंगा पर बन रही परियोजनाओं के विरोध मे मातृ सदन भी अखाड़ा परिषद के साथ खड़ा हो गया है। इस सम्बंध मे मातृ सदन की ओर से परिषद द्वारा परियोजनाओं को बन्द कराने का स्वागत किया गया शासन ने मातृसदन के आंदोलन के मद्देनजर यह शासनादेश जारी कर दिया है।
शासनादेश से संतुष्ट होने पर स्वामी दयानंद मातृसदन के गौरीशंकर द्वीप स्थित कैंप पहुंचे, जहां पर उन्होंने शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती के शिष्य स्वामी निर्विकल्पानंद के हाथों जूस लेकर अनशन समाप्त किया। इस मौके पर स्वामी शिवानंद ने कहा कि गंगा को गोमुख से गंगासागर तक पवित्र बनाए रखने के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
Posted on 27 March 2010 by admin
रुड़की -आईआईटी में आयोजित कागनिजेंस-10 के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राएं पहेलियों में उलझ गये। सुडोकू प्रतियोगिता में विजयी होने के लिए छात्रों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देशभर से जुटे हजारों छात्र-छात्राओं ने जहां देश-विदेश और इण्ड्रस्ट्री की समस्याओं पर मन्थन किया गया, वहीं दूसरी ओर छात्र-छात्राओं ने तकनीकी और रचनात्मक क्षमताओं से छाप छोड़ी।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में कोगनिजेंस-10 का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इसमें फ्रीकोनोमिक्स, सुडोकू चैलेंज, पजल चैलेंज, इकोलेक्ट्रिकल, बार कैंप, आल इज नाट वेल आदि शामिल रहे। सुडोकू में चार राउंड रखे गये, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। कई छात्र सुडोकू की पहेलियों में उलझ कर रह गये। पजल चैलेंज में छात्र-छात्राओं ने जनरल नालेज एवं देश-विदेश संबंध प्रश्न पूछे गये। हॉबीज क्लब में आयोजित रोबोसेपियंस के पहले राउंड में दर्जन टीमें सेकंड राउंड में पहुंची। दोपहर से शुरू हुए सेकंड राउंड में प्रतिभागियों के रोबोट द्वारा ब्रिज तैयार किये गये। इसके बाद रोबोट द्वारा बम को ऊपरी सतह पर रखकर डिफ्यूज किया गया।
इस दौरान दीक्षांत भवन में आटोनोमस रोबोटिक्स, प्रोजेक्ट लेब में अडोब ड्रीमविवर, एन-1 एवं एल-2 में एथिकल हैकिंग, आरएस विंग में सिक्स सिग्मा एवं लील मैनेजमेंट, परम लैब में फ्लैश, मैकेनिकल केड में थ्री-डी एनिमेशन, वर्कस्टेशन में ऐरोमाडलिंग, एमसीए लैब में रोबोटिक्स, मेकेनिकिल आडीटोरियम में जूमला विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इनमें विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से से जानकारी दी गई। सायं के वक्त मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने हाबीज क्लब, लालबहादुर स्टेडियम, एबीन मैदान होते हुए वापस पहुंचे। मैराथन में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को टीशर्ट एवं पुरस्कार वितरित किये गये। कंवीनर राणा प्रेमाशीष राय ने बताया कि कोगनिजेंस के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित नहीं किये हैं।
Posted on 26 March 2010 by admin
रुड़की - टेक्नोवेटिंग इण्डियां थीम पर आधारित काग्निजेन्स को लेकर छात्रों की बेकरारी खत्म हो गई। आईआईटी रुड़की में बृहस्पतिवार को काग्निजेन्स-2010 का आगाज हुआ। आईआईटी के दीक्षान्त भवन में काग्निजेन्स का शुभारंभ निदेशक प्रोफेसर एस.सी सक्सेना ने किया। उन्होंने छात्रों से इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
दीक्षान्त भवन के खचाखच भरे सभागार में आईआईटी के निदेशक प्रोफेसर एससी सक्सेना ने तकनीकी महोत्सव का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। 26 से 28 मार्च तक चलने वाले तकनीकी महोत्सव में 150 से अधिक इवेंट आयोजित किए जाएंगे, जिसमें देशभर से आए हजारों की संख्या में छात्र भाग लेगे। आयोजन में देशभर से छात्र -छात्राओं के अलावा कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत करेंगी।
तकनीकी महोत्सव में पत्रकार बरखा दत्त के अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी सानिया नेहवाल सहित कई दिग्गजों के हिस्सा लेने की संभावना है। वो अपनी कामयाबी और अनुभवों के विषय में छात्रों को जानकारी देंगे। इसके अलावा में काग्निजेन्स आयोजित गेस्ट लेक्चर के तहत हेड बेल लक्स इण्डिया की डा. विशी पूसला, ग्लोबल इकोसिस्टम प्रोग्राम, इंटल कारपोरेशन के एमडी पंकज केडिया, भौतिकी विशेषज्ञ अर्चना शर्मा, नासा विशेषज्ञ मार्क क्लन्पिन सेवानिवृत्त एअर वाइस मार्शल कपिल काक शामिल होंगे।
काग्निजेन्स में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन आयोग की ओर से तीन दिनों तक सर्च एण्ड रेस्क्यू ,हाईराइज रेस्क्यूऔर स्फ्रिनर डाग शो का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा एक स्फ्रिनर अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आनलाइन ट्रेडिंग प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को तीन लाख रुपये से अधिक का पुरस्कार वितरित किया जाएगा।
Posted on 26 March 2010 by admin
हरिद्वार- नारायण सेवा संस्थान द्वारा 28 मार्च को वैरागी कैंप स्थित शिविर में सामूहिक विकलांग एवं निर्धन विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें 21 से अधिक विकलांग जोड़ों को दांपत्य सूत्र में बांधा जाएगा। 27 मार्च को विवाहेच्छुक जोड़ों के हरिद्वार आगमन पर स्वागत बंदोली के रूप में एक भव्यशोभा यात्रा भी निकाली जाएगी।
नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक और श्री पंच निर्वाणी अणि अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाश मानव ने गुरुवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि सामूहिक विकलांग एवं निर्धन विवाह समारोह में देश भर से विकलांग युवक-युवती सम्मिलित होंगे, विवाह समारोह का पूरा खर्च संस्थान उठाएगा। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा 27 मार्च को शाम पांच बजे ऋषिकुल बस अड्डे से प्रारंभ होकर देवपुरा, कनखल होते हुए संस्था द्वारा संचालित सेवा महाशिविर वैरागी कैंप पहुंचकर समाप्त होगी।
सामूहिक विकलांग एवं निर्धन विवाह कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत ज्ञानदास, महंत डॉ. रामकुमार दास, श्रीमहंत धर्म दास, श्रीमहंत राजेंद्र दास और महंत रामदास महाराज करेंगे। उन्होंने बताया कि कुंभ के बाद चार और विकलांग शिविर दो मई, छह जून, चार जुलाई और एक अगस्त को आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 4,000 विकलांगों का इलाज और 1500 का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।