युवा पुष्कर को उत्तराखंड की बागडोर

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। दो बार खटीमा से विधायक रहे पुष्कर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। ईमानदार छवि और लोकप्रियता के कारण भाजपा ने इस बार उन्हें सीएम की कुर्सी सौंपी। उनके अनेक आईएएस-आईपीएस अधिकारियों से अच्छे संबंध बताए जाते हैं। खास बात यह कि वे पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खास माने जाते हैं। वे श्री कोश्यारी के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री को लेकर अनेक कयास लगाए जा रहे थे। सतपाल, धनसिंह और यहां तक कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम तक उछाले जा रहे थे, लेकिन भाजपा ने इस बार भी पिछली बार की तरह अप्रत्याशित निर्णय लेकर पुष्कर सिंह धामी को सिंहासन सौंप दिया। पिथौरागढ़ की ग्राम पंचायक टुंडी, तहसील डीडी हाट में जन्मे पुष्कर सिंह धामी 1990 से 1999 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न पदों पर रहे। वे 2002 से 2008 तक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे तथा भाजपा सरकार में 2010 से 2012 तक शहरी विकास अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष भी रहे। उनकी छवि ईमानदार और संघर्षशील नेता की है। भाजपा का पुष्कर को राज्य की कमान सौंपना अप्रत्याशित तो है, लेकिन यह पुष्कर सिंह के राजनीतिक जीवन के लिहाज से भी महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि बुरी गत में जा चुके उत्तराखंड की दशा सुधारने के लिए बहुत कुछ किया जाना है। वह भी ऐसी स्थिति में जब कुछ ही महीनों में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं।

LEAVE A REPLY